Chhattisgarh

सरस्वती शिशु मंदिर रामपुर के विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में रचा इतिहास, जवाहर नवोदय और एकलव्य विद्यालय में 6 छात्रों का चयन

कोरबा। करतला विकासखंड के सरस्वती शिशु मंदिर, रामपुर ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता का परिचय देते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार सफलता हासिल की है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने सत्र 2025-26 की जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में मोचन सिंह राठिया और मृत्युंजय सिंह जगत का चयन हुआ है। वहीं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में मिष्ठी राठिया, अविनाश कुमार राठिया, यज्ञ कुमार राठिया और यश राठिया ने सफलता हासिल कर विद्यालय की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ दिया है।

विद्यालय के संयोजक ईश्वर श्रीवास ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि सरस्वती शिशु मंदिर रामपुर लगातार 26 वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम देता आ रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ योजनाबद्ध तरीके से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है, जिसका सकारात्मक परिणाम लगातार देखने को मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि इस विद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने वाले अनेक विद्यार्थी आज नीट, इंजीनियरिंग, वकालत और चार्टर्ड अकाउंटेंसी जैसे प्रतिष्ठित क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके अनुसार यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के विश्वास और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य दर्शन दास दीवान ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि ऐसे संस्कारवान, अनुशासित और राष्ट्रनिष्ठ विद्यार्थियों का निर्माण करना है, जो जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहने वाले विद्यार्थियों को यदि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता हासिल कर सकते हैं।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में भी उत्साह का माहौल है। हिमांचल केंवट, अनिल पटेल, रोजन खान, करुणा महंत, मिथलेश चंदेल, अंजलि सिंह ठाकुर, दामिनी पटेल और कांता राठिया सहित विद्यालय संचालन समिति के सभी सदस्यों ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय की इस उपलब्धि की क्षेत्र के शिक्षाविदों और प्रबुद्धजनों ने भी सराहना की है। उनका कहना है कि सरस्वती शिशु मंदिर रामपुर ग्रामीण अंचल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कार आधारित शिक्षण के माध्यम से प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने का कार्य कर रहा है। लगातार मिल रही सफलताओं ने यह साबित किया है कि समर्पित शिक्षण और बेहतर मार्गदर्शन के बल पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button