Chhattisgarh

कोरबा में दिनदहाड़े राज ज्वेलर्स में लूट, मिर्च पाउडर फेंककर और चाकू से हमला कर भागे बदमाश, देशी कट्टा व बाइक बरामद

कोरबा, 01 जुलाई। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरीकला मुख्य मार्ग स्थित राज ज्वेलर्स में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। तीन बदमाशों ने ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश किया और सोना-चांदी के जेवर देखने के बहाने लूट की कोशिश की। विरोध करने पर उन्होंने मिर्च पाउडर फेंका, चाकू से हमला किया और काटकर दुकान संचालक व कर्मचारियों को घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी कुछ असली और कुछ आर्टिफिशियल जेवर लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे प्लैटिना मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक राज ज्वेलर्स पहुंचे। तीनों दुकान के अंदर गए और चांदी के गहने दिखाने की बात कही। इसी दौरान उन्होंने सोना-चांदी के जेवर अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। उनकी हरकत संदिग्ध लगने पर दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल और कर्मचारियों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की।

खुद को घिरता देख बदमाशों ने पहले मिर्च पाउडर फेंका, फिर एक आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया जबकि दूसरे ने दांत से काटकर कर्मचारियों को घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच सामने की दुकान का संचालक भी मदद के लिए पहुंचा और लुटेरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसे भी चाकू लगने से चोट आई।

जानकारी के अनुसार, बदमाश अपनी प्लैटिना मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़कर पैदल अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। भागने की जल्दबाजी में वे केवल कुछ असली और कुछ आर्टिफिशियल जेवर ही ले जा सके। पुलिस को दुकान के काउंटर से एक देशी कट्टा भी बरामद हुआ है, जिसे आरोपियों द्वारा छोड़ा जाना बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी एम.बी. पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल से बरामद बिना नंबर की प्लैटिना बाइक की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से छुरीकला क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत के साथ भारी आक्रोश है। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और लूट में शामिल तीनों बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीमों को सक्रिय किया गया है।

Related Articles

Back to top button