Chhattisgarh

राजेश्री महन्त रामसुंदर दास का दो दिवसीय जांजगीर-चांपा एवं शिवरीनारायण प्रवास, धार्मिक आयोजनों में होंगे शामिल

जांजगीर-चांपा, 16 जून 2026। छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं श्री दूधाधारी मठ रायपुर के संत राजेश्री महन्त रामसुंदर दास का दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस दौरान वे जांजगीर-चांपा जिले और शिवरीनारायण क्षेत्र में आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश्री महन्त रामसुंदर दास 17 जून को दोपहर 2 बजे श्री दूधाधारी मठ रायपुर से रवाना होंगे और शाम 4:30 बजे जांजगीर जिले के ग्राम बनारी पहुंचेंगे। यहां वे मानस मर्मज्ञ स्वर्गीय पंडित रामरक्षित शुक्ल (रामायणी) की प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे मां मनका दाई मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भी सहभागिता करेंगे।

ग्राम बनारी में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद महन्त रामसुंदर दास शाम 5:30 बजे वहां से रवाना होकर शाम 6:30 बजे ग्राम तुस्मा पहुंचेंगे। यहां जोद्गीर पारा में लक्ष्मण साहू परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ में शामिल होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान करेंगे।

इसके बाद वे शाम 7:30 बजे श्री शिवरीनारायण मठ पहुंचेंगे, जहां दर्शन-पूजन के उपरांत रात्रि विश्राम करेंगे। प्रवास के दूसरे दिन 18 जून को सुबह 10 बजे वे श्री दूधाधारी मठ रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

महन्त रामसुंदर दास के प्रवास को लेकर बनारी, तुस्मा और शिवरीनारायण क्षेत्र में धार्मिक श्रद्धालुओं एवं आयोजकों के बीच उत्साह का माहौल है। उनके आगमन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button