Chhattisgarh

जांजगीर-नैला नगर पालिका प्रशासन सख्त: सड़क पर कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई, मां शारदा ट्रेडर्स पर 1000 रुपये का जुर्माना….देखें video

जांजगीर चांपा, 2 जून। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए जांजगीर-नैला नगर पालिका प्रशासन ने सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में नगर पालिका की टीम ने शहर में निरीक्षण के दौरान सड़क पर कचरा फैलाने के मामले में मां शारदा ट्रेडर्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1000 रुपये का जुर्माना लगाया। नेताजी चौक में स्थित तहलका समोसा सेंटर से कचरे को उठाया गया और जुर्माना काटा गया।

नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता अभियान के तहत लगातार निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रतिष्ठान के सामने और आसपास कचरा फैलाया गया था, जिससे न केवल शहर की स्वच्छता प्रभावित हो रही थी बल्कि आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल जुर्माना वसूला गया और मौके पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा कचरे को भी उठवाकर साफ-सफाई कराई गई।

नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क, नाली, सार्वजनिक स्थल या अन्य खुले स्थानों पर कचरा फेंकने वाले व्यक्तियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा नगर पालिका द्वारा बनाए गए स्वच्छता नियमों का पालन करें।

प्रशासन का कहना है कि स्वच्छ शहर बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। यदि सभी लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर सहयोग करेंगे तो जांजगीर-नैला को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकेगा।

नगर पालिका प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी यदि कोई व्यक्ति या संस्थान सड़क पर कचरा फेंकते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार जुर्माना और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण और जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button