10 जुलाई को रिलीज होगी एनिमेटेड फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’, गुरुदेव श्री श्री रविशंकर से लिया आशीर्वाद

मुंबई। भगवान जगन्नाथ की दिव्य कथाओं पर आधारित बहुप्रतीक्षित एनिमेटेड फीचर फिल्म महाप्रभु जगन्नाथ 10 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की रिलीज से पहले इसकी टीम ने बेंगलुरु स्थित द आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में आध्यात्मिक गुरु गुरुदेव श्री श्री रविशंकर से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर फिल्म निर्माताओं ने ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ का आधिकारिक पोस्टर गुरुदेव को भेंट किया और फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं प्राप्त कीं। इसी दौरान निर्माताओं ने फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट 10 जुलाई घोषित करने के साथ इसका दूसरा पोस्टर भी जारी किया।
फिल्म भगवान जगन्नाथ की समृद्ध कथाओं, लोककथाओं और आध्यात्मिक परंपराओं को आधुनिक एनिमेशन तकनीक के माध्यम से बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी। निर्माताओं का दावा है कि यह फिल्म भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और आध्यात्मिक संदेशों को मनोरंजक अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाएगी।
लोकप्रिय एनिमेटेड श्रृंखला जय जगन्नाथ की सफलता के बाद बनाई गई यह फिल्म बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी आयु वर्ग के दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। फिल्म का निर्माण एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले किया गया है।
फिल्म के निर्माता एवं एले एनिमेशंस के संस्थापक दुर्गा प्रसाद दलई ने कहा कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर का आशीर्वाद पूरी टीम के लिए प्रेरणादायक और अविस्मरणीय अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ उनके महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘सनातन यूनिवर्स’ का पहला अध्याय है, जिसके जरिए भारतीय आध्यात्मिक कथाओं को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने की योजना है।
भारतीय एनिमेशन उद्योग में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में एले एनिमेशंस ने सिनेपोलिस के साथ साझेदारी की है। इसके तहत फिल्म को देशभर में 300 से अधिक स्क्रीन पर हिंदी, ओड़िया और तेलुगु भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।
फिल्म का निर्देशन श्रीपाद वारखेड़कर ने किया है, जबकि पटकथा और संवाद पल्लवी शर्मा ने लिखे हैं। संगीत अविरल कुमार ने तैयार किया है।
भक्ति, रोमांच, संस्कृति और भावनाओं से भरपूर ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ का नया पोस्टर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा रहा है। निर्माताओं को उम्मीद है कि यह फिल्म भारतीय पौराणिक कथाओं पर आधारित एनिमेशन के क्षेत्र में नया आयाम स्थापित करेगी।




