समाज को नशे से मुक्त कर ही साकार होगी विकसित भारत के निर्माण की परिकल्पना : डाॅ प्रशांत

0 चित्रकला एवं जागरुकता रैली कर कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा के एनसीसी कैडेट्स ने दिया नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश
कोरबा, 01 जून । नशा परिवार के नाश की वजह कब बन जाती है, नशे की बुरी आदत में पड़े व्यक्ति इस बात की समझ खो बैठते हैं। समाज को नशे से मुक्त कर ही देश विकास की राह तैयार की जा सकती है। यही संदेश देते हुए कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा की एनसीसी इकाई द्वारा सोमवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर के मार्गदर्शन में एनसीसी कैडेट्स ने काॅलेज परिसर से रानी रोड पुरानी बस्ती तक जागरुकता रैली निकाली। साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण में हर किसी को भागीदार बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्राचार्य डाॅ बोपापुरकर ने कहा कि समाज को नशे से मुक्त कर ही देश विकास का मार्ग प्रशस्त होगा और विकसित भारत के निर्माण की परिकल्पना साकार होगी,जिसे खासकर हर युवा को आत्मसात करना होगा।
उल्लेखनीय होगा कि तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के दुष्प्रभाव के संबंध में जागरूकता का प्रसार करने हेतु सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी गाइडलाइन का अनुसरण करते हुए महाविद्यालय की एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट अनिता यादव के दिशा-निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान महाविद्यालय की एनसीसी इकाई के छात्र-छात्राओं के मध्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। काॅलेज से रानी चैक तक जागरुकता रैली निकाली गई। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राहुल विश्वकर्मा, रितु चैहान, भगवती बरेठ, आस्था, अंशुलता, अवनि, संध्या, प्रियांका, रीमा श्रीवास, आर्यन यादव, विकास कुमार, अवनीत समेत बड़ी संख्या में एनसीसी के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।




