अवैध चूनापत्थर परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो हाईवा वाहन जब्त

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 29 मई। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश एवं खनि अधिकारी के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो हाईवा वाहनों को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खनिज अमले द्वारा बुधवार को ग्राम गुडेली-टिमरलगा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गौण खनिज चूनापत्थर का अवैध परिवहन करते हुए दो हाईवा वाहन पकड़े गए। इनमें वाहन क्रमांक CG-13-AQ-6075, जिसके मालिक घनश्याम पटेल निवासी ग्राम गुडेली, सारंगढ़ हैं, तथा वाहन क्रमांक CG-13-AQ-4044, जिसके मालिक दीपक कुमार अग्रवाल निवासी कोतरारोड, रायगढ़ हैं, शामिल हैं।
खनिज विभाग ने दोनों वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से थाना सारंगढ़ के सुपुर्द कर दिया है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कलेक्टर के निर्देशानुसार ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।




