Chhattisgarh

अकलतरा नगर पालिका में हंगामा: उपाध्यक्ष समेत 14 पार्षदों ने जड़ा ताला, प्रशासन के खिलाफ जताया आक्रोश

जांजगीर-चांपा, 29 मई । जिले के अकलतरा नगर पालिका परिषद में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई, जब नगर पालिका उपाध्यक्ष समेत 14 आक्रोशित पार्षदों ने नगर पालिका कार्यालय में ताला जड़ दिया। पार्षदों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विभिन्न मुद्दों को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, नगर पालिका में लंबे समय से कई समस्याओं और जनहित के मुद्दों की अनदेखी किए जाने से पार्षदों में नाराजगी थी। इसी को लेकर उपाध्यक्ष और पार्षद एकजुट होकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और विरोध स्वरूप मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इस दौरान पार्षदों ने नगर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

पार्षदों का आरोप है कि नगर के विकास कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और कई महत्वपूर्ण मामलों में जनप्रतिनिधियों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला और पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया गया। फिलहाल मामले को लेकर नगर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button