Chhattisgarh

बम्हनीडीह में भाजपा की विशाल जनसभा: मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक अनुज शर्मा ने मांगा समर्थन

  • विकास के नाम पर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील, जनसभा में उमड़ा भारी जनसैलाब

बम्हनीडीह (जांजगीर-चांपा)। नगर पंचायत बम्हनीडीह में आगामी चुनाव को लेकर आयोजित भारतीय जनता पार्टी की विशाल जनसभा एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में भारी भीड़ और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी श्री रमेश कुमार डडसेना तथा सभी वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में नेताओं ने जनता से विकास के नाम पर मतदान की अपील की।

इस मौके पर छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, धरसींवा विधायक एवं अभिनेता अनुज शर्मा, सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा और भाजपा नेत्री संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने कहा कि बम्हनीडीह की जनता का उत्साह यह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि क्षेत्र में भाजपा के प्रति मजबूत समर्थन है। मंच से वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।

“यह बम्हनीडीह के स्वर्णिम भविष्य का शंखनाद है” — अनुज शर्मा

सभा को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह केवल चुनावी सभा नहीं, बल्कि बम्हनीडीह के स्वर्णिम भविष्य का शंखनाद है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और राज्य में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि यदि नगर पंचायत में भाजपा की सरकार बनती है तो बम्हनीडीह में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, जिसमें बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से लेकर युवाओं के रोजगार और महिलाओं के सम्मान तक सभी क्षेत्रों में काम किया जाएगा।

भारी गर्मी के बीच भी उमड़ा जनसैलाब

भीषण गर्मी के बावजूद जनसभा में स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। नेताओं ने इसे जनता के समर्थन का संकेत बताते हुए कहा कि नगर में भाजपा की लहर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं ने संयुक्त रूप से भाजपा प्रत्याशी श्री रमेश कुमार डडसेना एवं सभी पार्षद प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button