सीआईएसएफ एसईसीएल बिलासपुर में ‘स्ट्रेस मैनेजमेंट’ कार्यक्रम आयोजित, जवानों और परिवारों को दिए मानसिक तनाव से निपटने के टिप्स

बिलासपुर। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई एसईसीएल बिलासपुर में शुक्रवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सहयोग से “स्ट्रेस मैनेजमेंट” विषय पर विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीआईएसएफ के जवानों एवं उनके परिवारजनों को वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में मानसिक तनाव को समझने और उससे प्रभावी तरीके से निपटने के उपाय बताए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर, हिप्नोथेरेपिस्ट, कॉरपोरेट ट्रेनर एवं लाइफ कोच डॉ. सचिन परब रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ उप कमांडेंट प्रवेश पांडेय ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते हुए किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी टीम ने सरल एवं प्रभावशाली तरीके से तनाव के कारणों, उसके प्रभाव तथा उसे नियंत्रित करने के उपायों की जानकारी दी। वक्ताओं ने सकारात्मक सोच विकसित करने, मानसिक संतुलन बनाए रखने और आत्मिक शांति प्राप्त करने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्राणायाम एवं ध्यान से जुड़े कई उपयोगी अभ्यास भी कराए गए। बताया गया कि नियमित ध्यान और योग के माध्यम से मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में मौजूद जवानों और उनके परिवारजनों ने इसे प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बताया।
अंत में सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर की ओर से ब्रह्माकुमारी टीम एवं मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई।




