कुसमुंडा साइडिंग में मालगाड़ी का इंजन बेपटरी, छह पहिए उतरे; मंगलवार शाम कोयला लोडिंग के दौरान हुआ हादसा, तीन घंटे में बहाल हुआ संचालन

कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा स्थित KAMKA साइडिंग में मंगलवार शाम को कोयला लोडिंग के दौरान एक मालगाड़ी का इंजन बेपटरी हो गया। हादसे में इंजन के छह पहिए पटरी से उतर गए। हालांकि चालक और कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, साइडिंग में मालगाड़ी में कोयला लोड किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक इंजन का संतुलन बिगड़ गया और उसके छह पहिए पटरी से नीचे उतर गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लोडिंग के दौरान ट्रैक पर काफी मात्रा में कोयला गिर गया था। माना जा रहा है कि इंजन के पहिए कोयले की परत पर चढ़ने से संतुलन बिगड़ गया और इंजन बेपटरी हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और एसईसीएल अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद रेलवे की एटीआर (एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन) टीम और तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बहाली कार्य शुरू किया गया।
करीब तीन घंटे तक चले अभियान के बाद क्रेन और विशेष उपकरणों की मदद से इंजन के पहियों को दोबारा पटरी पर चढ़ाया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक साइडिंग में कोयला लोडिंग और परिवहन कार्य प्रभावित रहा, हालांकि मुख्य रेलवे लाइन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
कोरबा रेलवे के एआरएम उत्कर्ष गौरव ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत टीम को मौके पर भेजा गया था और समय रहते इंजन को पटरी पर वापस ला लिया गया। उन्होंने कहा कि साइडिंग क्षेत्रों में ट्रैक पर कोयला जमा होने से इस प्रकार की घटनाओं की आशंका बनी रहती है। संबंधित एजेंसी को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं एसईसीएल प्रबंधन ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रैक पर जमा कोयले को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।




