डाक वितरण में बड़ी लापरवाही उजागर, डाकिया की बाइक और घर से पैन कार्ड-आधार कार्ड सहित कई दस्तावेज बरामद

कोरबा। शहर के मुख्य डाकघर में पदस्थ एक डाकिया पर डाक वितरण में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि लोगों तक पहुंचाए जाने वाले महत्वपूर्ण दस्तावेज और डाक सामग्री लंबे समय से वितरण के बजाय उसके पास ही पड़ी हुई थी। मामले का खुलासा शिकायतों के आधार पर की गई जांच के दौरान हुआ।
जानकारी के अनुसार मुख्य डाकघर में पदस्थ डाकिया दिलेराम भारद्वाज के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि लोगों को समय पर डाक नहीं मिल रही है। शिकायतों के बाद पोस्टमास्टर सुषमा शर्मा द्वारा जांच कराई गई। जांच के दौरान डाकिया की बाइक की डिक्की की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में पैन कार्ड, आधार कार्ड, बॉन्ड पेपर, बैंक एवं सरकारी दस्तावेज, रजिस्टर्ड डाक तथा अन्य महत्वपूर्ण पत्र और पार्सल बरामद किए गए।
सूत्रों के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमास्टर द्वारा डाकिया के निवास पर भी जांच की गई। वहां से 7 से 8 बोरे में भरी डाक सामग्री मिलने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इन बोरों में लंबे समय से वितरण के लिए रखे गए दस्तावेज और अन्य डाक सामग्री जमा थी, जिन्हें संबंधित लोगों तक पहुंचाया नहीं गया था।
मामले के सामने आने के बाद डाक विभाग में हड़कंप मच गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार संबंधित डाकिया के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। वहीं, जिन लोगों के जरूरी दस्तावेज लंबे समय तक नहीं पहुंचे, उनमें भी नाराजगी देखी जा रही है।
फिलहाल डाक विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और बरामद डाक सामग्री का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि संबंधित लोगों तक उन्हें जल्द पहुंचाया जा सके।



