Madhyapradesh

इंदौर में होगा देश का सबसे बड़ा साउंड हीलिंग कॉन्सर्ट, ‘द हीलिंग कॉन्सर्ट- अध्याय 1: आरंभ’ से मानसिक शांति का अनूठा अनुभव

इंदौर, 12 मई । तेज रफ्तार जिंदगी, बढ़ता तनाव, डिजिटल दुनिया का शोर और लगातार भागती दिनचर्या के बीच लोग मानसिक शांति और आत्मिक सुकून की तलाश में जुटे हैं। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए इंदौर में 16 मई को एक अनोखे आयोजन “द हीलिंग कॉन्सर्ट- अध्याय 1: आरंभ” का आयोजन किया जा रहा है। स्काईलाइन होटल एंड रिसॉर्ट में होने वाला यह कार्यक्रम भारत का पहला हीलिंग और स्पिरिचुअल कॉन्सर्ट बताया जा रहा है, जिसमें संगीत, मंत्र और सामूहिक ऊर्जा के जरिए लोगों को मानसिक संतुलन और आत्मिक जुड़ाव का अनुभव कराया जाएगा।

गुरुवार को आयोजित प्रेस मीट में कार्यक्रम के उद्देश्य, अवधारणा और इससे जुड़ी विशेषताओं की जानकारी साझा की गई। आयोजकों के मुताबिक यह केवल एक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि ऐसा अनुभव होगा जो लोगों को खुद से जुड़ने और भीतर की शांति महसूस करने का अवसर देगा।

यह 90 मिनट का विशेष कॉन्सर्ट लाइव भजन जैमिंग, लाइव सितार वादन, शिव-शक्ति ऊर्जा, भगवद गीता के जीवन सूत्र और साउंड हीलिंग जैसी प्रस्तुतियों से भरपूर होगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को मानसिक तनाव से राहत दिलाना और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ना है। आयोजन में शामिल होने वाले लोग सिर्फ संगीत सुनेंगे ही नहीं, बल्कि उसकी कंपन और ऊर्जा को महसूस भी कर पाएंगे।

इस आयोजन की खास बात यह भी है कि इसमें ‘मेंटल वेलनेस के लिए कल्चरल इंटीग्रेशन के साथ सबसे बड़ा साउंड हीलिंग कॉन्सर्ट’ का विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। सिंगिंग बाउल्स की ध्वनि को लंबे समय से मेडिटेशन और मानसिक शांति से जोड़ा जाता रहा है। ऐसे में सामूहिक साउंड हीलिंग के जरिए एक सकारात्मक और शांत वातावरण तैयार किया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन वेलनेस कोच शुभांगी चौहान द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि एक शक्तिशाली ऊर्जा है, जो इंसान के भीतर गहराई तक प्रभाव डालती है। उनके अनुसार जब सुर, मंत्र और सकारात्मक भावनाएं एक साथ मिलती हैं, तो व्यक्ति मानसिक और आत्मिक रूप से खुद को बेहतर महसूस करता है। उन्होंने कहा कि “द हीलिंग कॉन्सर्ट” लोगों को भागदौड़ भरी जिंदगी से कुछ पल निकालकर खुद से जुड़ने का अवसर देगा।

इंदौर, जो देशभर में स्वच्छता और तेजी से हो रहे शहरी विकास के लिए जाना जाता है, अब मानसिक स्वास्थ्य और समग्र जीवनशैली को लेकर भी नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आयोजकों का मानना है कि यह पहल आने वाले समय में देश के अलग-अलग शहरों तक पहुंचेगी और लोगों के बीच शांति, संगीत और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश फैलाएगी।

इस आयोजन को शहर के डिजिटल और प्रिंट मीडिया नेटवर्क के साथ नगर निगम, स्वच्छ सर्वेक्षण, योग मित्र और कई आउटरीच पार्टनर्स का सहयोग भी मिल रहा है। आयोजकों के मुताबिक जब कोई शहर सामाजिक और सकारात्मक उद्देश्य के लिए एकजुट होता है, तब ऐसे आयोजन लोगों के दिलों तक खास पहचान बना लेते हैं।

कार्यक्रम के टिकट BookMyShow, District और PassX जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल एक कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य, आध्यात्मिक अनुभव और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई शुरुआत साबित होगा।

Related Articles

Back to top button