कोरबा के बालको में ग्राम रक्षा समितियों का गठन, अपराध और अवैध गतिविधियों पर रखी जाएगी नजर

कोरबा, 11 मई । जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस-जनता समन्वय को मजबूत बनाने के लिए बालको पुलिस ने बड़ी पहल की है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना बालको नगर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ग्राम रक्षा समितियों का गठन किया गया है। इस अभियान के तहत करीब 300 महिला और पुरुषों को समिति का सदस्य बनाकर परिचय पत्र वितरित किए गए हैं।

कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिलेभर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज के निर्देशानुसार थाना बालको नगर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम रक्षा समितियों का गठन किया गया।
आज 11 मई 2026 को थाना बालको के मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, थाना प्रभारी युवराज तिवारी, क्षेत्र के पार्षद और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लगभग 300 महिला और पुरुषों को ग्राम रक्षा समिति का सदस्य बनाया गया और उन्हें पहचान पत्र प्रदान किए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने समिति के सदस्यों को गांवों में होने वाले अपराध, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ग्राम रक्षा समितियों के गठन से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय और मजबूत होगा। स्थानीय स्तर पर समय पर सूचना मिलने से अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई में काफी मदद मिलेगी। इससे गांवों में सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बालको पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आम जनता की सहभागिता से अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के जनजागरूकता और समन्वय कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



