छत्तीसगढ़ में CAF जवान ने की आत्महत्या, किराए के मकान में फांसी पर लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान की आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर की पिंक सिटी कॉलोनी स्थित किराए के मकान में जवान का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान जागेश्वर प्रसाद के रूप में हुई है, जो भटगांव का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक जागेश्वर प्रसाद CAF में पदस्थ था और वर्तमान में उसकी ड्यूटी सूरजपुर क्षेत्र में थी। हाल ही में वह पश्चिम बंगाल और असम चुनाव ड्यूटी से छुट्टी लेकर वापस लौटा था।
बताया जा रहा है कि जवान धमतरी शहर की पिंक सिटी कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस द्वारा मृतक जवान के परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जवान किसी मानसिक तनाव या निजी परेशानी से गुजर रहा था या नहीं।
CAF जवान के इस आत्मघाती कदम से विभाग में भी हड़कंप की स्थिति है। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।




