Chhattisgarh

कोरबा डिज्नीलैंड मेले में पति-पत्नी से मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मैनेजर समेत तीन को किया गिरफ्तार

कोरबा, 09 मई । छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में आयोजित डिज्नीलैंड मेले में पति-पत्नी और उनके एक साथी के साथ कर्मचारियों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मेला मैनेजर समेत तीन लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी अपने एक परिचित के साथ कोरबा के डिज्नीलैंड मेले में घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान झूले में बैठने और टिकट को लेकर मेले के कर्मचारियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मेले में मौजूद कर्मचारियों ने तीनों के साथ जमकर मारपीट कर दी। घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और लोगों में नाराजगी देखने को मिली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की। मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि मामले में डिज्नीलैंड मेले के मैनेजर समसुद्दीन खान, आकाश झूला संचालक राहुल कुमार पासवान और कर्मचारी आनंद कुमार पासवान के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि डिज्नीलैंड मेले में अव्यवस्थाओं और सुरक्षा में लापरवाही की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी मेले में कई गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ वर्षों पहले मेले में तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसकी जांच रिपोर्ट आज तक सार्वजनिक नहीं हो सकी है। वहीं एक अन्य घटना में झूला गिरने से कई लोग घायल हुए थे।

लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई नहीं किए जाने पर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि हर बार जांच और कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जाती है, जबकि मेले में सुरक्षा व्यवस्था और संचालन को लेकर गंभीर खामियां बनी हुई हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद अब लोग मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। नागरिकों ने जिला प्रशासन से डिज्नीलैंड मेले की सुरक्षा व्यवस्था की उच्च स्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

देखें वायरल वीडियो:

Related Articles

Back to top button