Chhattisgarh

नैला-जांजगीर में सामूहिक उपनयन संस्कार का भव्य आयोजन कल, अग्रसेन भवन में होगा कार्यक्रम

नैला-जांजगीर, 19 अप्रैल। नारी नव चेतना मंच के तत्वावधान में 20 अप्रैल को नैला स्थित अग्रसेन भवन में सामूहिक उपनयन संस्कार का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक बटुक (बालक) वैदिक परंपरा के अनुसार यज्ञोपवीत धारण करेंगे और उपनयन संस्कार संपन्न कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूरे विधिवत ढंग से संस्कार आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन सनातन परंपरा के संरक्षण और प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें बच्चों को धार्मिक संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उपनयन संस्कार सनातन धर्म के 16 प्रमुख संस्कारों में से एक माना जाता है, जिसका विशेष महत्व है। इस संस्कार के माध्यम से बालकों को धार्मिक, नैतिक और आध्यात्मिक जीवन की शिक्षा दी जाती है तथा उन्हें वेदाध्ययन के योग्य बनाया जाता है।

नारी नव चेतना मंच ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन में विप्र समाज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति की संभावना है। मंच ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और परिवारजनों से इस पुनीत धार्मिक आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button