Chhattisgarh

ग्रेच्युटी राशि में 20 लाख से अधिक का गबन, संविदा कर्मी पर केस दर्ज

0.ब्लैंक चेक का दुरुपयोग कर सेवानिवृत्त कर्मचारियों की राशि हड़पने का आरोप, पुलिस व विभागीय जांच जारी

कोरबा, 13 अप्रैल 2026।
कोरबा में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ग्रेच्युटी राशि में बड़े गबन का मामला सामने आया है। तुलसी नगर सब स्टेशन कार्यालय में कार्यरत संविदा कर्मी हरीश कुमार पर 20 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप लगा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी संविदा कर्मी ने कार्यपालन अभियंता (ईई-डी) से ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए थे। इसके बाद उसने चेक में अपना खाता नंबर दर्ज कर राशि अपने खाते में जमा करा ली। इस प्रक्रिया के जरिए सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाली ग्रेच्युटी की रकम सीधे आरोपी के खाते में स्थानांतरित होती रही।

प्रारंभिक जांच में अब तक छह सेवानिवृत्त कर्मचारियों से कुल 20 लाख 58 हजार 788 रुपए के गबन की पुष्टि हुई है। मामला तब उजागर हुआ जब एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के खाते में ग्रेच्युटी की राशि जमा नहीं हुई और उसने विभाग में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान संबंधित राशि संविदा कर्मी के खाते में ट्रांसफर होने का खुलासा हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे कोतवाली थाना भेजा गया, जहां पुलिस ने आरोपी हरीश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इधर, विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। आरोपी के निलंबन के साथ बर्खास्तगी की तैयारी की जा रही है। हालांकि, आरोपी ने अपने बचाव में दावा किया है कि उसने यह कार्य कार्यपालन अभियंता के निर्देश पर किया था। इस संबंध में उसने कंपनी मुख्यालय रायपुर को पत्र भेजकर अपनी बात रखी है।

पुलिस द्वारा बैंक लेनदेन और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि तुलसी नगर स्थित विद्युत विभाग से गबन की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button