Chhattisgarh

कोरबा: लालघाट चेकपोस्ट बस्ती को मिली ‘रजत जयंती उद्यान’ की सौगात, मंत्री देवांगन ने किया लोकार्पण

कोरबा, 04 अप्रैल 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 38 लालघाट चेकपोस्ट बस्ती के निवासियों को आज एक सर्वसुविधायुक्त उद्यान की सौगात मिली। प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजूदेवी राजपूत ने नवनिर्मित ‘रजत जयंती उद्यान’ का लोकार्पण कर इसे आम जनता को समर्पित किया।

यह उद्यान निगम द्वारा बालको जोन अंतर्गत लालघाट चेकपोस्ट बस्ती के मुख्य मार्ग पर लगभग 21 लाख 50 हजार रुपये की लागत से विकसित किया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे रजत जयंती वर्ष के तहत उद्यान का नाम ‘रजत जयंती उद्यान’ रखा गया है।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने पर यह उद्यान जनता को समर्पित किया जाना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सभी वर्गों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं महापौर संजूदेवी राजपूत ने लालघाट चेकपोस्ट बस्ती के नागरिकों को इस नई सौगात के लिए बधाई देते हुए कहा कि निगम क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार जारी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आम जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कोरबा के विकास को आगे भी गति दी जाएगी।

कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य हितानंद अग्रवाल, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button