Chhattisgarh

जमीन विवाद में महिला पर टांगी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक महिला पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 2 अप्रैल 2026 को ग्राम गोधना में हुई, जहां 60 वर्षीय भोलाशंकर कश्यप ने अपने ही रिश्तेदारी में आने वाली महिला निर्मला कश्यप पर टांगी से हमला कर दिया। उस समय महिला घर में अकेली थी।

घटना के दौरान जब प्रार्थी विशाल कश्यप घर लौटे, तो आरोपी ने उन पर भी टांगी से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी, जिससे उनके हाथ में चोट आई। इसके बाद जब वे घर के अंदर पहुंचे तो उनकी पत्नी निर्मला कश्यप बेहोश अवस्था में मिलीं, जिनके सिर में गंभीर चोट लगी थी और खून बह रहा था।

घायल महिला को तत्काल शासकीय अस्पताल नवागढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य एकत्र कर गवाहों के बयान दर्ज किए और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त टांगी भी जब्त कर ली गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) और 331(7) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button