रेलवे ट्रैक पर शख्स की क्षत-विक्षत हालत में लाश मिली ट्रेन से टकराकर मौत होने की आशंका, नहीं हो सकी है पहचान

जयरामनगर , 31 मार्च : जयरामनगर रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला है। यह घटना सोमवार देर रात हुई, जिसमें व्यक्ति की ट्रेन से टकराकर मौत होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जयरामनगर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे फाटक के पास देर रात एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक की उम्र 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शुरुआती जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया होगा। घटना की सूचना स्टेशन मास्टर ने मस्तूरी पुलिस को दी। मंगलवार सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है, और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि यह दुर्घटना है या आत्महत्या, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।




