जशपुर में पुलिया के पास युवक का शव मिलने से सनसनी, हादसा या हत्या—जांच में जुटी पुलिस

जशपुर, 28 मार्च। जिले के सिंगिबहार क्षेत्र अंतर्गत कछुआकानी पुलिया के पास शनिवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर युवक की बाइक भी क्षत-विक्षत हालत में पाई गई है, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है।
मृतक की पहचान तपकरा थाना क्षेत्र के ग्राम सांको निवासी युवक के रूप में कर ली गई है। सूचना मिलते ही तपकरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। यह हादसा है या फिर हत्या, इस दिशा में पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रामनवमी के अवसर पर कछुआकानी गांव में रात्रि मेला आयोजित होता है। आशंका जताई जा रही है कि युवक मेला देखने आया होगा और लौटते समय उसके साथ कोई हादसा या अप्रिय घटना घट गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले में कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं, जिनकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल तपकरा पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।




