विधायक अनुज शर्मा की पहल पर धरसीवां को बड़ी सौगात: तीन ग्रामों में ‘मुख्यमंत्री ग्राम गौरवपथ’ को मिली स्वीकृति

रायपुर/ धरसीवां। क्षेत्रीय विकास को गति देते हुए धरसीवां विधानसभा के लिए बड़ी सौगात सामने आई है। विधायक अनुज शर्मा की पहल पर मुख्यमंत्री ग्राम गौरवपथ योजना के तहत तीन प्रमुख ग्राम—परसतराई, कुरूद और नगरगांव में गौरवपथ निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। इससे इन गांवों की बुनियादी सुविधाओं में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, इन गांवों में लंबे समय से पक्की सड़कों और जल निकासी व्यवस्था की मांग की जा रही थी। विधायक अनुज शर्मा ने इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप अब गौरवपथ निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। योजना के तहत गांवों की मुख्य सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को कीचड़ और धूल की समस्या से राहत मिलेगी।
इस उपलब्धि पर विधायक अनुज शर्मा ने खुशी जताते हुए कहा कि यह धरसीवां क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य विधानसभा के हर गांव को शहर जैसी सुविधाओं से लैस करना है और यह उसी दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।
विधायक ने यह भी कहा कि आने वाले समय में अन्य गांवों को भी ऐसी विकास योजनाओं से जोड़ा जाएगा। “अभी तो यह शुरुआत है, हमारा लक्ष्य ‘नवा धरसीवा’ का निर्माण करना है,” उन्होंने कहा।
इधर, स्वीकृति की खबर मिलते ही परसतराई, कुरूद और नगरगांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से इस मांग का इंतजार कर रहे थे, जो अब पूरी हो गई है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस सौगात के लिए विधायक अनुज शर्मा का आभार जताया है। उनका कहना है कि गौरवपथ बनने से न केवल गांव की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि आवागमन भी सुगम होगा।




