भूमिहीन कृषि मजदूरों को बड़ी राहत: 500 करोड़ की सहायता राशि खातों में ट्रांसफर, धरसीवां में प्रमाण पत्र वितरण

धरसीवां। जनपद पंचायत धरसीवां में आयोजित कार्यक्रम में अनुज शर्मा ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, कृषि मजदूर एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से बलौदाबाजार से प्रदेशभर के लगभग 5 लाख भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों के बैंक खातों में करीब 500 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। योजना के तहत 4.95 लाख से अधिक पात्र परिवारों के लिए 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपए की राशि जारी की गई है। प्रत्येक हितग्राही परिवार को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि खेतों में मेहनत करने वाले भूमिहीन मजदूर ही देश की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा, “खेत की माटी में जो अपना खून-पसीना मिलाता है, असली सोना वही उगाता है। आप झुकिए मत, सरकार आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।” उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों की आय में वृद्धि कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
विधायक ने कहा कि अक्सर किसान की चर्चा में उन लोगों को प्राथमिकता दी जाती है जिनके पास जमीन होती है, जबकि वास्तविकता में खेती की रीढ़ वे मजदूर हैं जो दूसरों के खेतों में मेहनत करते हैं। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही सरकार का लक्ष्य है।
उन्होंने यह भी कहा कि खेती में मंदी या प्राकृतिक आपदा का सबसे अधिक असर मजदूरों पर पड़ता है। ऐसे समय में यह सहायता राशि उनके लिए सहारा साबित होगी और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान करेगी। उन्होंने हितग्राहियों से अपील की कि वे इस राशि का उपयोग अपने बच्चों की शिक्षा और भविष्य निर्माण में करें, ताकि आने वाली पीढ़ी सशक्त बन सके।
इस योजना में भूमिहीन कृषि मजदूरों के साथ-साथ वनोपज संग्राहक परिवार, चरवाहा, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी तथा पौनी-पसारी व्यवस्था से जुड़े परिवारों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासी समाज के पुजारी, बैगा, गुनिया और मौली परिवारों को भी योजना का लाभ दिया जा रहा है। लाभार्थियों की सूची में 22,028 बैगा और गुनिया परिवार शामिल हैं, जो राज्य की पारंपरिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षक माने जाते हैं।
राशि प्राप्त होने के बाद हितग्राहियों ने विधायक अनुज शर्मा एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला ढीलेन्द्र सेन, दिनेश खटे, स्थानीय जनप्रतिनिधि, तहसीलदार, कृषि विभाग के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कृषि मजदूर उपस्थित रहे।




