नई दिल्ली में ट्रेड डील के विरोध में युवा कांग्रेस का संसद घेराव, जांजगीर-चांपा के कार्यकर्ता भी शामिल

नई दिल्ली। प्रस्तावित “ट्रेड डील” के विरोध में युवा कांग्रेस ने देश की राजधानी नई दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन करते हुए संसद घेराव किया। इस दौरान जांजगीर-चांपा जिला युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला सहित जिले के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल हुए।
यह प्रदर्शन भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ सहित देशभर से हजारों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि प्रस्तावित “ट्रेड डील” देश के किसानों, युवाओं और छोटे व्यापारियों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से इस डील को तत्काल वापस लेने की मांग की और चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए संसद के बाहर अपनी आवाज बुलंद की। वहीं, पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला ने कहा कि युवा कांग्रेस हमेशा आम जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ यह आंदोलन एक मजबूत संदेश है।
युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि देश के युवाओं, किसानों और व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए वे हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।



