स्काउट-गाइड जांजगीर-चांपा की गतिविधियों की संभाग स्तरीय बैठक में हुई समीक्षा, रामनवमी से प्याऊ और अप्रैल में लगेंगे प्रशिक्षण शिविर

जांजगीर-चांपा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय द्वारा बिलासपुर संभाग की ऑनलाइन समीक्षा बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य प्रशिक्षण आयुक्त डॉ. पूनमसिंह साहू, एसओसी अमित क्षत्रिय, एसटीसी श्रीमती सरिता पांडेय और एसओसी श्रीमती जलवती साहू ने संभाग के जिलों में संचालित स्काउटिंग गतिविधियों का जायजा लिया। बैठक में जांजगीर-चांपा जिले के एडल्ट लीडर्स ने हिस्सा लेकर जिले की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
जिले की गतिविधियों की जानकारी देते हुए जिला सचिव दीपक कुमार यादव ने बताया कि जिले के ७५ प्रतिशत विद्यालयों का पंजीयन अंशदान प्राप्त कर राज्य मुख्यालय भेजा जा चुका है, वहीं शेष स्कूलों को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा स्मरण पत्र जारी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सेवा कार्यों के अंतर्गत रामनवमी से एक माह के लिए जिले के प्रमुख स्थानों पर प्याऊ का संचालन किया जाएगा। इसमें बाजार चौक मड़वा, एनएच ४९ तिलई, कचहरी चौक जांजगीर, मेला ग्राउंड शिवरीनारायण और गुड़ी चौक अंगार खार शामिल हैं। कचहरी चौक में शा. कन्या खोखरा, शा. कन्या उमावि जांजगीर, शा. कन्या पूमावि जांजगीर, शा. उमावि मड़वा, विप्लव संस्था एवं अशोक मेडिकल के सहयोग से प्याऊ संचालित होगा।
डीटीसी पूरन लाल पटेल ने बताया कि बेसिक प्रशिक्षण हेतु अनुमति की प्रक्रिया जारी है और शिविर अप्रैल के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है। वहीं डीओसी स्काउट डॉ. सुरेन्द्र कुमार सोनी एवं डीओसी गाइड कु. श्वेता जयसवाल ने जानकारी दी कि एडवेंचर कैंप हेतु निर्धारित कोटे के अनुसार जानकारी भेजी जा चुकी है। जिले में वर्तमान में २ रोवर और २ रेंजर ओपन दल सक्रिय हैं। युवा सदस्यों में मोहनीश बरेठ को अध्यक्ष के रूप में चयनित किया गया है। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में एडहॉक कमेटी द्वारा गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। आगामी समय में निर्देशानुसार ट्रेकिंग, समागम, यूथ फोरम और मार्च पास्ट जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में पामगढ़ ब्लॉक सचिव प्रभाव वाणी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



