Chhattisgarh

घर में घुसकर मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

जांजगीर-चांपा, 15 मार्च। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 को प्रार्थिया छोटे बाई चंद्रा ने थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जमीन बंटवारे को लेकर पुरानी रंजिश के कारण आरोपी महावीर चंद्रा (56) निवासी कीरित थाना नवागढ़ ने मामूली बात पर उसके घर में घुसकर अश्लील गाली-गलौच की और डंडे तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 87/26 दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया।

मामले की जांच के दौरान नवागढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महावीर चंद्रा को पकड़कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक कमलेश कुमार सेडे के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक शिवनंदन जलतारे तथा आरक्षक राम सरकार कश्यप सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button