धमतरी पुलिस की जुआ पर बड़ी कार्रवाई, 8 जुआरी गिरफ्तार; 4.20 लाख का सामान जब्त

धमतरी, 13 मार्च। जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भखारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी समेत करीब 4 लाख 20 हजार रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धमतरी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना भखारा की पेट्रोलिंग टीम रात्रि गश्त पर थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सेमरा बी में श्मशान घाट के आगे स्टॉप डेम के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि आठ जुआरी मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में जुआ खेलते हुए पकड़े गए।
पकड़े गए आरोपियों में लोकेश कुमार सिन्हा, मयंक सिन्हा, भुपेश्वर सिन्हा, हसन खान, छबि सोनकर, राजू साहु, कमलेश सोनकर और राजेश साहु शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना भखारा में अपराध क्रमांक 28/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से फड़ सहित 9 हजार रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 6 मोटरसाइकिल, एक हीरो मेस्ट्रो स्कूटी, एक टीवीएस एक्सएल मोपेड और 8 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 4 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




