Chhattisgarh

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4 गोपालपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम आयोजित

कोरबा। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4 गोपालपुर में 9 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य बी.एस. अहीरे, जी.आर. जांगड़े, जयश्री रावतकार तथा विनोद कुमार वर्मा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय में उपस्थित सभी शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी मां सरस्वती को नमन करते हुए कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।

कार्यक्रम की शुरुआत में रेणु यादव ने जयश्री रावतकार का पुष्प भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात जयश्री रावतकार ने विद्यालय में कार्यरत सभी महिला शिक्षिकाओं को पुष्प भेंट कर उनका सम्मान किया और महिला दिवस के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण उत्साह और सम्मान की भावना से परिपूर्ण दिखाई दिया।

प्राचार्य बी.एस. अहीरे ने अपने संबोधन में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के निर्माण और विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी महिलाओं का योगदान लगातार बढ़ रहा है और आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों से महिलाओं के सम्मान और समानता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जयश्री रावतकार ने अपने उद्बोधन में विश्व की सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति समाज की आधारशिला है और महिलाओं के बिना किसी भी समाज की प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं के त्याग, समर्पण और संघर्ष को याद करते हुए उनके योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया।

कार्यक्रम के दौरान ईश्वरी रजक और ख्याति पाठक ने महिला सशक्तिकरण विषय पर प्रेरणादायक कविताएं प्रस्तुत कीं, जिन्हें उपस्थित सभी लोगों ने सराहा। कार्यक्रम का संचालन संजय कुमार राजपूत ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के सम्मान के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button