Chhattisgarh

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में ड्यूटी करते हुए CRPF अधिकारी ने पास की UPSC, रॉकी कसाना को मिली 542वीं रैंक

सुकमा। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के असिस्टेंट कमांडेंट रॉकी कसाना ने कठिन परिस्थितियों के बीच अपनी मेहनत और लगन से संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में सफलता हासिल की है। उन्होंने तीसरे प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए 542वीं रैंक प्राप्त की है।

रॉकी कसाना मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से सुकमा जिले के नक्सल प्रभावित जगरगुंडा क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वर्तमान में वे जगरगुंडा के कुंदेड़ स्थित CRPF कैम्प में पदस्थ हैं।

नक्सलियों के मजबूत गढ़ माने जाने वाले इस क्षेत्र में ड्यूटी निभाते हुए ही उन्होंने UPSC की तैयारी की और सफलता प्राप्त की। अपने कार्यकाल के दौरान रॉकी कसाना ने कुख्यात नक्सली लीडर हिड़मा और बारसे देवा के खिलाफ चलाए गए कई अभियानों में भी हिस्सा लिया है।

उनकी इस उपलब्धि से CRPF कैम्प में खुशी का माहौल है। साथियों ने कैम्प में मिठाई बांटकर उनकी सफलता का जश्न मनाया।

कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी के साथ UPSC जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल करना रॉकी कसाना की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। उनकी यह उपलब्धि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बीच अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

Related Articles

Back to top button