कोल इंडिया में 450 नान-एग्जीक्यूटिव कर्मचारियों को मिलेगा प्रमोशन, 15 मार्च तक जारी होगी अंतिम सूची

नई दिल्ली/कोरबा। देश की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) में नान-एग्जीक्यूटिव कर्मचारियों को अधिकारी पद पर पदोन्नत करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। कंपनी के मानव संसाधन विभाग ने विभागीय प्रमोशन प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया है और 15 मार्च तक चयनित कर्मचारियों की अंतिम सूची जारी होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार कुल 4400 कर्मचारियों ने विभिन्न विभागों में अधिकारी बनने के लिए आवेदन किया था। इनमें से लगभग 3400 आवेदन केवल मानव संसाधन (एचआर) विभाग के लिए प्राप्त हुए थे। स्क्रूटनी के बाद कोल इंडिया की चयन समिति ने 450 उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दे दिया है।
चयनित कर्मचारियों को ई-2 ग्रेड में अधिकारी बनाया जाएगा। औपचारिक स्वीकृति मिलने के बाद कंपनी द्वारा आधिकारिक सूची जारी कर दी जाएगी। इसके बाद चयनित अधिकारी विभिन्न विभागों में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
कोल इंडिया में जिन प्रमुख विभागों में अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी, उनमें उत्खनन, वित्त, कार्मिक (एचआर), विद्युत एवं यांत्रिकी, सिविल, सर्वे, सिस्टम (आईटी), सामग्री प्रबंधन, विपणन एवं बिक्री, कानूनी, पर्यावरण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार, जनसंपर्क, सचिवीय, कंपनी सचिव तथा सुरक्षा विभाग शामिल हैं।
इन विभागों में चयनित अधिकारी तकनीकी संचालन, वित्तीय प्रबंधन, मानव संसाधन, खदान सर्वेक्षण, आईटी प्रणाली, आपूर्ति प्रबंधन, विपणन, कानूनी मामलों, पर्यावरणीय मानकों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।




