जयसिंह अग्रवाल के जन्मदिन पोस्टरों से भूपेश बघेल की तस्वीर गायब, सियासत गरमाई

कोरबा, 2 मार्च। पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल के जन्मदिन (1 मार्च) के अवसर पर शहर में लगाए गए पोस्टरों और विज्ञापनों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। इन पोस्टरों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तस्वीर नहीं होने पर भाजपा ने कांग्रेस में गुटबाजी का आरोप लगाया है, जबकि कांग्रेस ने इसे विपक्ष का राजनीतिक नजरिया बताया है।

शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए बैनरों में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद ज्योत्स्ना महंत तथा वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव की तस्वीरें शामिल हैं, लेकिन भूपेश बघेल की अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने इसे कांग्रेस के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान का परिणाम बताते हुए कहा कि पूर्व में भी पार्टी में नेतृत्व को लेकर मतभेद सामने आते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में आपसी विवादों के कारण विकास कार्य प्रभावित हुए और अब भाजपा सरकार अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने में जुटी है।
इधर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर ने भाजपा के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पोस्टरों में तस्वीरों को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है। उनके अनुसार, कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को वर्तमान सरकार गति नहीं दे पा रही है। नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने भी कहा कि पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने अपने कार्यकाल में कोरबा के लिए व्यापक स्तर पर बजट स्वीकृत कराया था और विकास कार्यों की नींव रखी थी।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में एक टीवी कार्यक्रम में जयसिंह अग्रवाल के बयान को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं हुई थीं। विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद से प्रदेश कांग्रेस में समय-समय पर मतभेदों की खबरें सामने आती रही हैं। जन्मदिन पोस्टरों को लेकर उठा यह विवाद अब प्रदेश की सियासत में नई बहस का कारण बन गया है।




