छत्तीसगढ़ कर्मचारियों को कैशलैस चिकित्सा सुविधा की घोषणा, विधायक ब्यास कश्यप की पहल रंग लाई

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों के लिए कैशलैस चिकित्सा सुविधा प्रारंभ करने की घोषणा के बाद कर्मचारी वर्ग में खुशी की लहर है। लंबे समय से लंबित इस मांग को लेकर विभिन्न कर्मचारी संघ लगातार प्रयासरत थे। जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब सरकार ने कर्मचारियों को बड़ी राहत देने का निर्णय लिया है।
विधायक ब्यास कश्यप ने इस संबंध में पहले ही स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर राज्य के कर्मचारियों को कैशलैस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की थी। इसके साथ ही वर्तमान में जारी विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भी उन्होंने इस विषय पर प्रश्न लगाकर सरकार से जानकारी मांगी और कर्मचारियों की समस्या को सदन में प्रमुखता से उठाया।
अब सरकार द्वारा कैशलैस चिकित्सा सुविधा लागू करने की घोषणा के बाद कर्मचारियों को इलाज के दौरान तत्काल भुगतान की समस्या से राहत मिलेगी। अब तक कर्मचारियों को बीमारी की स्थिति में अपने खर्च पर उपचार कराना पड़ता था और बाद में मेडिकल बिल की प्रतिपूर्ति के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता था।
कर्मचारी संगठनों ने इस सुविधा को कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए विधायक ब्यास कश्यप के प्रयासों की सराहना की है। कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों ने कहा कि विधायक द्वारा लगातार प्रयास और विधानसभा में मुद्दा उठाने से ही यह निर्णय संभव हो पाया है। उन्होंने इसके लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस व्यवस्था से प्रदेश के हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।




