Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ बजट पर कांग्रेस का हमला: जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बजट को किसानों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया

जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किए जाने के बाद कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। जांजगीर-चांपा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बजट को किसानों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरने वाला बताया है।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार खुद को किसानों का हितैषी बताती है, लेकिन धान खरीदी के मामले में किसानों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदने में सरकार की ओर से आना-कानी की जा रही है और नए-नए नियम व शर्तें लागू कर किसानों को अपनी उपज बेचने से वंचित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनें खड़ी कर किसानों को परेशान किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के अनुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार किसान हैं, लेकिन प्रस्तुत बजट में किसानों के लिए कोई ठोस और भरोसेमंद प्रावधान नजर नहीं आते।

कांग्रेस ने सरकार से किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देने और धान खरीदी प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बनाने की मांग की है, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल सके।

Related Articles

Back to top button