चरित्र शंका में पत्नी की हत्या, डंडे से पीटकर उतारा मौत के घाट,बालको थाना क्षेत्र के मुड़धुवा गांव में वारदात, आरोपी पति हिरासत में

कोरबा,23 फरवरी 2026। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़धुवा गांव में चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद ने भयावह रूप ले लिया। गुस्से में आकर पति ने अपनी 36 वर्षीय पत्नी की लकड़ी के डंडे से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी फूलजेन तिर्की अपने बड़े बेटे के साथ गोवा में मजदूरी करता है। वह बीती रात ही गांव स्थित अपने घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर उसकी पत्नी गीता तिर्की (36) से विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी ने आपा खोते हुए पत्नी पर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतका अपने छोटे बेटे के साथ गांव में रहती थी, जबकि आरोपी पति और बड़ा बेटा गोवा में काम करते थे। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके विरुद्ध हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।




