सजग कोरबा–सतर्क कोरबा अभियान के तहत सर्राफा, गोल्ड लोन व पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक,सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश, उल्लंघन पर होगी वैधानिक कार्रवाई

कोरबा, 21 फरवरी। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत विभिन्न थाना एवं चौकी परिसरों में सर्राफा व्यापारियों, गोल्ड लोन संचालकों तथा पेट्रोल पंप संचालकों की अलग-अलग बैठक आयोजित की गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार आयोजित इन बैठकों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संपत्ति संबंधी अपराध, लूट, चोरी एवं ठगी की घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना रहा।
पुलिस अधिकारियों ने सर्राफा व्यापारियों को दुकान परिसर में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित कर कम से कम 30 दिनों का बैकअप सुरक्षित रखने, प्रत्येक कर्मचारी का पुलिस सत्यापन कराने तथा सोना-चांदी की खरीद-बिक्री का संपूर्ण विवरण रजिस्टर में संधारित रखने के निर्देश दिए। संदिग्ध व्यक्ति अथवा लेन-देन की सूचना तत्काल संबंधित थाना या चौकी को देने को भी कहा गया।
गोल्ड लोन संचालकों को ऋण स्वीकृति से पूर्व ग्राहक के वैध पहचान पत्र का सत्यापन अनिवार्य रूप से करने, गिरवी रखे गए आभूषणों का फोटो एवं पूर्ण विवरण सुरक्षित रखने तथा चोरी या संदिग्ध आभूषण मिलने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा के दृष्टिकोण से अलार्म सिस्टम एवं सीसीटीवी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर भी बल दिया गया।
इसी प्रकार पेट्रोल पंप संचालकों को परिसर में कार्यशील सीसीटीवी कैमरे एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, रात्रिकालीन समय में विशेष सतर्कता बरतने तथा अधिक नकदी एकत्रित होने पर समय-समय पर बैंक में जमा करने की हिदायत दी गई। संदिग्ध वाहन या व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित संचालक के विरुद्ध विधिसम्मत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित सभी व्यापारियों एवं संचालकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।
कोरबा पुलिस ने सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। अभियान के अंतर्गत जिले में सतत निगरानी रखी जाएगी तथा नियम उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।




