लखनऊ में धीरेंद्र शास्त्री की प्रस्तावित हनुमत कथा निरस्त, एलडीए ने मैदान आवंटन रद्द किया

लखनऊ। राजधानी में प्रस्तावित प्रसिद्ध कथा वाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘हनुमत कथा’ अब निर्धारित तिथियों पर आयोजित नहीं हो सकेगी। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने वसंत कुंज योजना स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल मैदान का आवंटन निरस्त कर दिया है। यह धार्मिक आयोजन 14 से 18 मार्च के बीच प्रस्तावित था और इसकी तैयारियां कई महीनों से चल रही थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयोजन के लिए पुलिस विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त नहीं हो सका। सुरक्षा व्यवस्था और संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट अनुमति नहीं दी गई। इसी के मद्देनजर एलडीए ने पूर्व में जारी आवंटन आदेश वापस ले लिया। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन से आवश्यक अनुमतियां मिलने तक किसी भी बड़े सार्वजनिक आयोजन के लिए स्थल उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
आयोजनकर्ता संस्था ‘हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट’ के प्रतिनिधि हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारी अक्टूबर 2025 से की जा रही थी। प्रारंभिक योजना के अनुसार कथा का आयोजन वृंदावन स्थित डिफेंस एक्सपो स्थल पर प्रस्तावित था, किंतु वहां वीआईपी मूवमेंट और शहीद पथ पर संभावित यातायात जाम की आशंका के चलते पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पुलिस की सलाह पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल मैदान के लिए आवेदन किया गया। एलडीए ने प्रारंभिक स्तर पर 33 लाख रुपये जमा कराने की शर्त पर मैदान आवंटित किया था। आयोजकों के अनुसार ऑनलाइन भुगतान में तकनीकी समस्या आने के कारण उन्हें प्रतिदिन 2.5 लाख रुपये जमा करने का विकल्प दिया गया। दो दिन की राशि जमा भी की गई, लेकिन एलडीए के सिस्टम में गड़बड़ी के कारण भुगतान दर्ज नहीं हो सका।
फिलहाल आयोजन निरस्त होने से श्रद्धालुओं और आयोजकों में निराशा है। आगे की स्थिति प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




