Chhattisgarh

युवा बजट संवाद कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा ने युवाओं से किया सीधा संवाद, बजट को बताया विकास का रोडमैप

रायपुर। श्री रावतपूरा सरकार यूनिवर्सिटी, रायपुर में ‘युवा बजट संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बतौर मुख्य वक्ता युवाओं से सीधे संवाद करते हुए प्रदेश के बजट, विकास योजनाओं और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और बजट से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं।

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि किसी भी राज्य या देश का बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं होता, बल्कि भविष्य के विकास का रोडमैप होता है। उन्होंने कहा कि बजट वह माध्यम है जिससे सरकार अपनी प्राथमिकताओं को तय करती है और युवा वर्ग को इसे समझना चाहिए। उन्होंने युवाओं को प्रदेश के विकास का सारथी बताते हुए कहा कि आज का युवा जागरूक है और उसे अपनी भूमिका का बोध है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है। तकनीकी शिक्षा को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है तथा नवाचार और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बजट में स्टार्टअप और स्थानीय व्यवसायों के लिए दी गई छूट और सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील भी उन्होंने युवाओं से की। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के विजन का उल्लेख करते हुए बताया कि शिक्षा, तकनीक और बुनियादी ढांचे में निवेश कर युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने शिक्षा, कौशल विकास और स्टार्टअप्स के लिए बजट में किए गए प्रावधानों और फंड आवंटन को लेकर सवाल पूछे। विधायक शर्मा ने सरल भाषा में तकनीकी बिंदुओं को स्पष्ट करते हुए युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अमर अग्रवाल, पुरंदर मिश्रा, राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, इंद्र कुमार साहू, भाजपा युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरीहा तथा भाजपा रायपुर शहर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button