कोरबा में अवैध स्क्रैप यार्ड पर बड़ी पुलिस कार्रवाई, 1200 टन लोहे के वाहन पुर्जे जब्त, यार्ड सील

कोरबा । जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर थाना उरगा पुलिस ने ग्राम बरबसपुर बायपास रोड स्थित एक अवैध स्क्रैप यार्ड पर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में वाहनों के पुर्जे और लोहे का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बरबसपुर बायपास रोड स्थित एक स्क्रैप यार्ड में चोरी से संबंधित हाइवा, ट्रेलर और ट्रक के पुर्जे अवैध रूप से संग्रहित कर रखे गए हैं। सूचना की पुष्टि के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना उरगा पुलिस ने संबंधित विभागों के साथ संयुक्त टीम बनाकर मौके पर दबिश दी।
दबिश के दौरान स्क्रैप यार्ड संचालक नूर आलम पिता मोहम्मद मुरजा, उम्र 33 वर्ष, निवासी प्लॉट नंबर 23, टी.पी. नगर, कोरबा मौके पर मौजूद मिला। जब पुलिस द्वारा यार्ड में रखे गए वाहनों के पुर्जों और लोहे के सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, तो संचालक कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका।
दस्तावेजों के अभाव में सामग्री के अवैध होने की आशंका पर पुलिस ने विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए मौके से ट्रेलर की मंडी, डाला बॉडी सहित अन्य लोहे का सामान कुल लगभग 1200 टन जब्त किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की गई, वहीं नगर निगम की टीम द्वारा पंचनामा तैयार कर स्क्रैप यार्ड को सीलबंद कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कदम आगे भी लगातार उठाए जाते रहेंगे।




