युवा शेरों की ऐतिहासिक जीत पर ‘पेड्डी’ टीम की खास बधाई, सोशल मीडिया पर साझा किया भावुक संदेश

मुंबई। साउथ सुपरस्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म पेड्डी को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म के ऐलान के बाद से ही फैंस राम चरण को उनके इस नए और इंटेंस अवतार में देखने के लिए बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।
इसी बीच फिल्म पेड्डी की टीम ने भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम की शानदार वर्ल्ड कप जीत पर दिल से बधाई दी है। टीम ने सोशल मीडिया पर अंडर-19 विश्व विजेता भारतीय टीम का एक खास पोस्टर साझा करते हुए उनके जज़्बे और प्रदर्शन की जमकर सराहना की।
पोस्ट के साथ टीम पेड्डी ने लिखा—
“जो भी करना है, इसी धरती पर करना है! वर्ल्ड कप में अंडर-19 भारतीय टीम का पूरी तरह दबदबा। इन युवा खिलाड़ियों ने हम सभी को गर्व महसूस कराया है। बधाई हो, टीम इंडिया!”
इस बीच, पेड्डी का गाना ‘चिकिरी-चिकिरी’ रिलीज़ होते ही दर्शकों के बीच जबरदस्त हिट साबित हुआ है। महज़ 24 घंटे में 46 मिलियन व्यूज़ हासिल करने वाला यह गाना साल के सबसे लोकप्रिय ट्रैक्स में शामिल हो गया। अलग-अलग भाषाओं के वर्ज़न को मिलाकर यह गाना यूट्यूब पर 200 मिलियन से अधिक व्यूज़ और 20 लाख से ज्यादा लाइक्स हासिल कर चुका है, जो इसकी ज़बरदस्त लोकप्रियता को दर्शाता है।
फिल्म का निर्देशन उप्पेना फेम निर्देशक बुची बाबू सना कर रहे हैं। पेड्डी को एक रस्टिक और इमोशनल ड्रामा बताया जा रहा है, जिसमें राम चरण अपने करियर के सबसे इंटेंस किरदारों में से एक में नज़र आएंगे। फिल्म के भव्य स्तर, दमदार स्टारकास्ट और संगीतकार ए. आर. रहमान की म्यूज़िकल भागीदारी ने पहले ही दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
फिल्म में राम चरण के साथ शिवा राजकुमार, जान्हवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्माण वेंकट सतीश किलारू ने किया है। पेड्डी 27 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए तैयार है।




