शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुमा में वार्षिक उत्सव 2026 का भव्य आयोजन, विधायक अनुज शर्मा रहे मुख्य अतिथि

अंबिकापुर/धरसीवां। धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुमा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित वार्षिक उत्सव 2026 उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इस वर्ष वार्षिक उत्सव की थीम “सांस्कृतिक एकता और आधुनिक शिक्षा” रखी गई थी। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य पंथी और करमा के साथ-साथ आधुनिक कला विधाओं पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को उत्सवमय माहौल से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों, खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं अनुशासन समिति के सदस्यों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी जीवन कच्ची मिट्टी की तरह होता है, जिसे जिस साँचे में ढाला जाए, वह वैसा ही आकार लेता है। यह जिम्मेदारी शिक्षक और विद्यालय निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल भविष्य के कर्णधार नहीं, बल्कि आज की ऊर्जा हैं। शिक्षा के साथ खेल, कला और अनुशासन को अपनाना ही सफलता की कुंजी है।
विधायक ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे खुद को छोटे गांव या सरकारी स्कूल तक सीमित न समझें। आसमान छूने वाले सपने अक्सर जमीन से ही जन्म लेते हैं। अपनी जड़ों से जुड़े रहकर ऊंचे लक्ष्य तय करें। शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक लाना नहीं, बल्कि एक बेहतर इंसान बनना है। बड़ों का सम्मान, राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा ही व्यक्ति को भीड़ से अलग पहचान दिलाती है।
उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखें, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों का विकास करें। साथ ही विद्यार्थियों से अपने माता-पिता और शिक्षकों के सम्मान का संदेश देते हुए कहा कि उनकी सफलता के पीछे परिवार और गुरुजनों की तपस्या होती है। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रेरणादायक पंक्तियों के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा के साथ राकेश यादव, दिलीप साहू, नितेश साहू, पितोष साहू, अशोक लहरे, रूपेंद्र साहू, लीलाधर साहू, किशुन साहू, विद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरिता देवांगन, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।




