CG NEWS : हाईवे पर पुलिस को देखकर भाग रही संदिग्ध स्कॉर्पियो पलटी, डीजल व औजार बरामद

रायगढ़। जिला पुलिस की सतर्कता से एक बार फिर डीजल चोरी गिरोह का खुलासा होने की संभावना सामने आई है। एनएच-49 पर पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भाग रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन से डीजल, चोरी में उपयोग होने वाले औजार, फर्जी नंबर प्लेट और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जूटमिल पुलिस ने वाहन को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
एडिशनल एसपी रायगढ़ अनिल कुमार सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल द्वारा डीजल चोरी गिरोह के विरुद्ध विशेष निगरानी के निर्देश गश्ती पुलिस को दिए गए थे। इसी क्रम में बीती रात दोनों अधिकारी गश्ती प्वाइंट चेक करते हुए क्षेत्र भ्रमण पर थे। भोर के समय एनएच-49 पर खरसिया से रायगढ़ की ओर आ रही एक सफेद रंग की संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन पुलिस टीम को देखकर तेज गति से भागने लगी। सूचना मिलते ही संबंधित थानों को अलर्ट किया गया। तेज रफ्तार के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और अमलीभौना हाईवे रोड स्थित HP पेट्रोल पंप के सामने स्कॉर्पियो पलट गई। सूचना पर जूटमिल पुलिस मौके पर पहुंची।
स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर CG-04-BT-0664 पाया गया, जबकि वाहन में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। तलाशी के दौरान वाहन से लगभग 10 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, एक अतिरिक्त फर्जी नंबर प्लेट CG-12-BT-6416 तथा बिना सिम के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।संदिग्ध अवैध गतिविधियों में उपयोग की आशंका के चलते जूटमिल पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है। वाहन मालिक एवं फरार चालक की तलाश जारी है।










