Chhattisgarh

ट्रांसफार्मर के खुले तारों की चपेट में आया 8 वर्षीय बच्चा, गंभीर रूप से झुलसा

कोरबा, 05 फरवरी 2026। शहर के अटल आवास (एमपी नगर) क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय बालक बिजली के खुले तारों की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल बालक की पहचान अरहान खान के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरहान स्कूल से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी नजर ट्रांसफार्मर के पास फंसी एक पतंग पर पड़ी। पतंग निकालने के प्रयास में जैसे ही वह ट्रांसफार्मर के नजदीक पहुंचा, उसका शरीर वहां मौजूद खुले विद्युत तारों के संपर्क में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार से संपर्क होते ही तेज चिंगारियां निकलने लगीं और बालक करंट की चपेट में आकर वहीं चिपक गया।

घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह बालक को तारों से अलग किया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।


अरहान के रिश्तेदार साहिल खान ने बताया कि हादसे के वक्त उसके कंधे पर स्कूल बैग टंगा हुआ था। अचानक पतंग देखकर वह ट्रांसफार्मर की ओर बढ़ गया, जहां खुले तारों की वजह से यह हादसा हुआ।

घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर के तार लंबे समय से खुले और असुरक्षित स्थिति में हैं। यह इलाका अत्यंत भीड़भाड़ वाला है, जहां दिन-रात लोगों की आवाजाही बनी रहती है। लोगों का कहना है कि खुले तारों के कारण पहले भी मवेशियों की मौत हो चुकी है, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

घायल बालक को पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

Related Articles

Back to top button