बिलासपुर: कोरबा के तांत्रिक से बदला लेने के लिए कार और कैश लूटे; 2.50 लाख को 2.50 करोड़ बनाने का दिया था झांसा

बिलासपुर। बिलासपुर में नेशनल हाईवे-130 पर कार और कैश लूटने वाले आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। कोरबा के एक तांत्रिक ने उन्हें 2.50 लाख रुपए को 2.50 करोड़ रुपए बनाने का झांसा देकर ठगी किया था, जिसका बदला लेने के लिए उन्होंने उसकी कार, कैश और मोबाइल लूट लिए थे। जिस पर तांत्रिक ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने चारों लुटेरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, अब ठगी करने वाले तांत्रिक के खिलाफ भी कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।
एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि कोरबा जिले के दीपका निवासी विजय कुमार राज (48 ) ने लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि 31 जनवरी को वह तीन महिला रिश्तेदारों को लेकर मेला देखने बिल्हा गया था।रात करीब 3:35 बजे रतनपुर में एक ढाबे के पास टॉयलेट के लिए उसने अपनी कार रोकी। तभी अचानक एक सफेद रंग की और एक हरे रंग की कार वहां आकर रुकी। उनमें से चार युवक उतरे और फिल्मी स्टाइल में विजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसके बाद हमलावर विजय की कार, तीन मोबाइल और करीब 8 हजार रुपए कैश लूटकर फरार हो गए।
इस घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टेक्निकल साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में अंबिकापुर और कोरिया पहुंची। जहां टीम ने चारों आरोपियों (विद्यादास महंत (43), रामसुंदर (32) निवासी कोरिया, राजीव सिंह (37) निवासी बैकुंठपुर और गुलशन कुजूर (47) निवासी चरचा कॉलरी, कोरिया) को सरगुजा और कोरिया से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया।पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल, 8 हजार रुपए कैश और वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा-अर्टिगा कार को भी जब्त कर लिया है।
आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उन्होंने बदले की भावना से वारदात को अंजाम दिया है। विजय कुमार राज ने तंत्र विद्या और पूजा-पाठ से पैसे बढ़ाने का झांसा दिया था। उसने 2.50 लाख रुपए को 2.50 करोड़ रुपए बनाने का झांसा दिया था। जिसके बाद उनसे पैसे वसूलकर घूमाने लगा।जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो विजय ने देने से इनकार कर दिया। इसी के बाद आरोपियों ने पीछा कर रतनपुर क्षेत्र के मदनपुर के पास मारपीट कर उससे स्विफ्ट डिजायर कार, मोबाइल और कैश लूट लिए।
एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि कथित तांत्रिक विजय ने तंत्र-मंत्र के जरिए ठगी की बात पुलिस से छिपाई थी। जबकि, वह खुद भी ठगी का आरोपी निकला। पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। तांत्रिक और उसके सहयोगियों पर बिल्हा थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। अब पुलिस तांत्रिक को भी गिरफ्तार करने की तैयारी में है। एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि झाड़-फूंक या तंत्र विद्या से पैसे डबल करने का झांसा देने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे दावों के झांसे में न आएं। ऐसे लोग भोले-भाले नागरिकों को लालच देकर ठगी का शिकार बनाते हैं।










