जांजगीर चांपा: साप्ताहिक जनदर्शन में उमड़े आम नागरिक, 106 आवेदनों पर प्रशासन ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 02 फरवरी 2026। जिले में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। जनदर्शन के दौरान नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कुल 106 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, मुआवजा राशि, प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि, अवैध कब्जा हटाने तथा दिव्यांग सहायता उपकरण जैसी विभिन्न समस्याओं और मांगों से जुड़े आवेदन शामिल रहे।
जनदर्शन में जांजगीर तहसील के ग्राम मुनुन्द निवासी कन्हैया लाल कश्यप ने नया राशन कार्ड बनाने के लिए आवेदन दिया। जांजगीर निवासी राजेश भार्गव ने मनरेगा जॉब कार्ड में पुनः पंजीकरण कराने की मांग रखी। अकलतरा तहसील के ग्राम पंचायत सांकर निवासी जगदेव सिंह ने मुआवजा राशि दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
इसी तरह पामगढ़ विकासखंड के ग्राम तनौद निवासी ठाकुर राम महिपाल ने प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, विकासखंड के ग्राम औराई कला निवासी धुरवा बाई पटेल ने अवैध कब्जे पर कार्रवाई कराने तथा तहसील चांपा के संजय नगर निवासी सविता ने ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन सौंपा।
प्रशासन द्वारा सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला, जिससे उन्हें समय पर समाधान मिलने की उम्मीद जगी है।




