मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस को रजत जयंती पदक का विमोचन किया, प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में अदम्य साहस को मिला सम्मान

रायपुर, 28 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस बल को समर्पित रजत जयंती पदक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस बल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पदक प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान की अमिट पहचान बनेगा।
26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य पुलिस बल को रजत जयंती पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई थी, जिसे त्वरित अमल करते हुए आज वास्तविकता में बदल दिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण साहस का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। रजत जयंती पदक उनके समर्पण और सेवा को सदैव स्मरणीय बनाए रखेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पदक छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपरा की पहचान को आत्मसात करता है। पदक गोल आकार का और चांदी के रंग का होगा, जिसमें अग्र भाग में साल वृक्ष और पीछे के भाग में पहाड़ी मैना का उभरा हुआ चित्र अंकित रहेगा। इसे रिबन के साथ धारण किया जाएगा और वर्दी के बाईं ओर जेब के ऊपर अन्य सम्मान पदकों के पश्चात वरीयता क्रम में लगाया जाएगा।
पदक में अंकित पहाड़ी मैना सतर्कता, संवाद, निडरता, स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव और टीम भावना का प्रतीक है, जबकि साल वृक्ष मजबूती, दृढ़ता, दीर्घायु, संरक्षण और मौन रहकर भी प्रभावशाली योगदान का संदेश देता है। बस्तर और सरगुजा अंचल में पूजनीय साल वृक्ष की भांति यह पदक पुलिस बल के समर्पण, सेवा और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को सम्मानित करेगा और छत्तीसगढ़ पुलिस की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बनेगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस महानिदेशक पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन पवन देव, एडीजी एसआरपी कल्लूरी, एडीजी प्रदीप गुप्ता, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, एडीजी दीपांशु काबरा, एडीजी अमित कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।










