Chhattisgarh

दंतेश्वरी मंदिर में देर रात बड़ी चोरी, सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए चोर

बस्तर की आस्था का प्रमुख केंद्र और प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ दंतेश्वरी मंदिर में देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर के पीछे स्थित दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और माँ दंतेश्वरी के सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

चोरी की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर को सुरक्षित कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। मंदिर के गर्भगृह और आसपास के हिस्सों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही चोरों की आवाजाही के संभावित रास्तों का पता लगाने के लिए शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम द्वारा टूटे ताले, दरवाजे और घटनास्थल पर मौजूद अन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि चोरों ने मंदिर की दान पेटी को तोड़ने का प्रयास किया था, हालांकि वे इसमें कितने सफल हुए, इसका आकलन किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। मंदिर प्रशासन ने भी पुलिस को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।

घटना के बाद मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं में चिंता और आक्रोश का माहौल है। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Back to top button