Chhattisgarh

न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल में ‘MERAKI Junior’ वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन

0.पॉन्डमैन ऑफ इंडिया रामवीर तंवर ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कोरबा। न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, कोरबा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता एवं आत्म-अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘MERAKI Junior’ वार्षिकोत्सव 2025 का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन 22 दिसंबर को विद्यालय परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन एवं सांस्कृतिक समरसता का सुंदर संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देशभर में “पॉन्डमैन ऑफ इंडिया” के नाम से प्रसिद्ध रामवीर तंवर रहे। उन्होंने अपने संबोधन में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया। उन्होंने छात्रों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं मंचीय प्रस्तुति की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, संगीत एवं रचनात्मक प्रस्तुतियाँ दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम का संचालन अत्यंत प्रभावशाली ढंग से किया गया। विद्यालय के चेयरमैन किशोर कुमार साहू ने खुले मंच से एंकरिंग कर रहे विद्यार्थियों की आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति, भाषा-शैली एवं मंच संचालन कौशल की सराहना की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डी. एस. राव ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए सत्र 2026–27 से कला संकाय के शुभारंभ की घोषणा की तथा आगामी शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय के संरक्षक बी. एल. साहू, डायरेक्टर दिलीप कुमार साहू, उप-प्राचार्या श्रीमती कीर्ति हर्रिट, हेड मास्टर जगजीत सिंह भट्टी सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को अनुशासित, प्रेरणादायक एवं अत्यंत सफल बताया।

कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेशों एवं प्रेरणादायक वातावरण के साथ हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं मंचीय कौशल विकसित करने में सफल सिद्ध हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि ‘MERAKI Senior’ कार्यक्रम का आयोजन 23 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ विद्यार्थियों के लिए किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मीर अली मीर (रास खान ऑफ छत्तीसगढ़) अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करेंगे। न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल निरंतर ऐसे शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button