Chhattisgarh

Bilaspur Crime: पत्नी की हत्या कर फरार हुआ आरोपी कुछ घंटों में गिरफ्तार, कोनी पुलिस की त्वरित कार्यवाही

बिलासपुर, 11 दिसंबर । कोनी थाना क्षेत्र के लोफदी फोकटपारा में हुई महिला हत्या की वारदात को पुलिस ने तेजी से सुलझाते हुए आरोपी पति को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। चरित्र संदेह के चलते पति ने अपनी पत्नी की लोहे के सब्बल से हत्या कर दी थी और घटना के बाद फरार हो गया था।

घटना की सूचना गुरुवार 11 दिसंबर को सुबह 2.15 को कोनी पुलिस को मिली कि पुसऊ राम केवट के दामाद, जितेंद्र केवट (35 वर्ष), निवासी खपरी थाना तखतपुर, ने अपनी पत्नी संतोषी केवट पर लोहे के सब्बल से हमला कर उसकी हत्या कर दी है। इसके बाद वह मौके से भाग निकला।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने तत्काल आरोपी को पकड़ने के निर्देश दिए। प्रार्थिया कुंती केवट की रिपोर्ट पर मर्ग एवं अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेन्द्र जायसवाल के मार्गदर्शन और निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में टीम गठित कर संभावित स्थानों पर दबिश दी गई।

पुलिस टीम को जानकारी मिली कि आरोपी दूसरे राज्य भागने की फिराक में है। टीम ने सूझबूझ और लगातार प्रयास करते हुए आरोपी जितेंद्र केवट को पकड़कर अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे की कार्यवाही जारी है।

Related Articles

Back to top button