Chhattisgarh

स्कूल में चोरी की नीयत से घुसे युवक को पुलिस ने पकड़ा, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

सक्ती,28 सितंबर 2025। सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल, अखराभांठा में चोरी की नीयत से घुसे एक युवक को पुलिस ने रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी का नाम अभय कुमार देवांगन (19 वर्ष), निवासी अखराभांठा सक्ती है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी बलदाऊ प्रसाद साहू ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 सितंबर की रात दो युवक स्कूल में चोरी की नीयत से घुसे। स्कूल में मौजूद अजीत उपाध्याय ने यह घटना देख तुरंत सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने पीछा किया, जिसमें एक युवक भागने में सफल रहा, जबकि दूसरा युवक पकड़ा गया, जिसने अपना नाम अभय कुमार देवांगन बताया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि अपने दोस्त के साथ वह स्कूल की दीवार फांदकर अंदर घुसा था। उन्होंने आचार्य कक्ष का ताला पत्थर से तोड़ने की कोशिश की, तभी आचार्यगण ने देख लिया। दोनों भागने लगे, लेकिन अभय को पकड़ लिया गया और उसका दोस्त अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरिश यादव एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में जांच की गई। आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक जीतकुमार जाटवर, प्रधान आरक्षक संजीव शर्मा एवं आरक्षक ब्रजमोहन नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button